+91-9839333301

legalbulletin@legalbulletin.in

| Register

पूर्व एमएलसी मोहम्मद इकबाल को Fugitive economic offender घोषित करने का आदेश रद्द, 995.75 करोड़ रुपये की संपत्तियां मुक्त करने का निर्देश

इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच का फैसला, ईडी ने विशेष अदालत के समक्ष दायर आवेदन में इस तथ्य का खुलासा नहीं किया कि CBI ने मूल मामले में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल कर दी है

पूर्व एमएलसी मोहम्मद इकबाल को Fugitive economic offender घोषित करने का आदेश रद्द, 995.75 करोड़ रुपये की संपत्तियां मुक्त करने का निर्देश

इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ ने ED को एक बड़ा झटका देते हुए पूर्व एमएलसी मो. इकबाल को Fugitive economic offender (भगोड़ा आर्थिक अपराधी) घोषित करने वाले निचली अदालत के आदेश को रद्द कर दिया है. इसके साथ ही अदालत ने मो. इकबाल को Fugitive economic offender घोषित के परिणामस्वरूप जब्त की गई लगभग 995.75 करोड़ रुपये मूल्य की तीन चीनी मिलों सहित अन्य संपत्तियों को तत्काल मुक्त करने का भी निर्देश दिया है.

जस्टिस सुभाष विद्यार्थी की बेंच ने शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को यह महत्वपूर्ण फैसला सुनाया. अदालत ने इससे पहले 8 सितंबर 2026 को सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अपना निर्णय सुरक्षित रख लिया था. यह फैसला Fugitive economic offender मोहम्मद इकबाल और तीन संबंधित कंपनियों डायनेमिक शुगर मिल, मैलो इन्फ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड और हनीवेल शुगर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा दायर चार संबद्ध आपराधिक अपीलों पर सुनाया गया है.

यह पूरा विवाद वर्ष 2010-11 के दौरान उत्तर प्रदेश राज्य चीनी एवं गन्ना विकास निगम लिमिटेड की 10 चालू और 11 बंद चीनी मिलों की कथित तौर पर औने-पौने दामों पर की गई बिक्री से जुड़ा है. इस संबंध में 7 नवंबर 2017 को लखनऊ के गोमती नगर थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी. गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय ने अपनी रिपोर्ट में आरोप लगाया था कि चीनी मिलों को खरीदने वाली कंपनियों ने फर्जी बैलेंस शीट जमा की थीं.

इसे भी पढ़ें… यूपीपीएससी की एपीओ प्री परीक्षा 2025 का परिणाम रद्द, मेधावी आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सामान्य श्रेणी में शामिल कर नए सिरे से रिजल्ट जारी करने का आदेश

बाद में इस मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो को सौंप दी गई, जिसने 25 अप्रैल 2019 को एफआईआर दर्ज की. इसी आधार पर प्रवर्तन निदेशालय ने धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की. ईडी का आरोप था कि मोहम्मद इकबाल ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर अवैध खनन से अर्जित धन को शेल कंपनियों और स्पेशल पर्पज व्हीकल्स (SPVs) जिनमें डायनेमिक शुगर्स, हनीवेल शुगर्स और मैलो इन्फ्राटेक शामिल हैं, के माध्यम से घुमाकर इन चीनी मिलों को बेहद कम कीमतों पर खरीदा था.

ईडी ने 27 फरवरी 2025 को एक अनंतिम कुर्की आदेश जारी कर इन तीनों कंपनियों के स्वामित्व वाली लगभग 995.75 करोड़ रुपये की तीन चीनी मिलों को कुर्क कर लिया था, जिसकी पुष्टि 28 जुलाई 2025 को निर्णायक प्राधिकरण द्वारा की गई थी. इस मामले में सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब सीबीआई ने अपनी लंबी जांच के बाद पाया कि मूल अपराध Fugitive economic offender से जुड़े आरोप साबित नहीं हो सके हैं. इसके परिणामस्वरूप सीबीआई ने 28 मई 2025 को विशेष न्यायाधीश की अदालत में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल कर दी.

सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट दाखिल होने के बावजूद ईडी ने अपनी कार्रवाई जारी रखी और 23 अक्टूबर 2025 को पीएमएलए की धारा 50 के तहत समन जारी किए. इसके बाद ईडी ने Fugitive economic offender Act, 2018 (FEO Act) की धारा 4 और 12 के तहत विशेष अदालत में एक आवेदन दायर कर मोहम्मद इकबाल को Fugitive economic offender घोषित करने और उनकी कंपनियों की संपत्तियों को जब्त करने की मांग की.

इसे भी पढ़ें… Arbitration Act की धारा 36 के तहत किसी अवॉर्ड के निष्पादन के लिए डिक्री ट्रांसफर कराने की आवश्यकता नहीं: इलाहाबाद हाई कोर्ट

ईडी का दावा था कि इकबाल जांच से बचने के लिए भारत छोड़कर संयुक्त अरब अमीरात (दुबई) भाग गए हैं और कई समन व गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी होने के बावजूद वापस नहीं लौट रहे हैं. इस आधार पर लखनऊ स्थित सीबीआई की विशेष अदालत ने 31 मार्च 2026 को मोहम्मद इकबाल को Fugitive economic offender घोषित कर दिया था और संपत्तियों को जब्त करने का आदेश दिया था.

हाईकोर्ट ने मोहम्मद इकबाल को Fugitive Economic Offender घोषित करने के निचली अदालत के 31 मार्च 2026 के आदेश को कानूनी रूप से अस्थिर ठहराते हुए कई महत्वपूर्ण कानूनी बिंदुओं को रेखांकित किया:

मूल अपराध पर क्लोजर रिपोर्ट का प्रभाव: अदालत ने सुप्रीम कोर्ट के ‘विजय मदनलाल चौधरी बनाम भारत संघ’ और कर्नाटक हाईकोर्ट के ‘मंत्री डेवलपर्स’ मामले के फैसलों का हवाला देते हुए स्पष्ट किया कि पीएमएलए के तहत धन शोधन का अपराध किसी मूल अपराध से उत्पन्न ‘अपराध की आय’ पर निर्भर करता है. चूंकि CBI ने मूल अपराध मामले में 28 मई 2025 को क्लोजर रिपोर्ट दाखिल कर दी है, इसलिए जब तक इस क्लोजर रिपोर्ट पर अंतिम निर्णय नहीं होता, तब तक पीएमएलए और उसके परिणामस्वरूप Fugitive economic offender Act के तहत कार्यवाही आगे नहीं बढ़ सकती.

इसे भी पढ़ें… जूनियर हाई स्कूलों में Headmaster पद पर नियुक्ति के लिए सरकार पात्रता मानदंड तय करने में सक्षम है, इलाहाबाद हाई कोर्ट ने खारिज की 13 अभ्यर्थियों की याचिका

ईडी द्वारा महत्वपूर्ण तथ्यों को छिपाना: हाईकोर्ट ने इस बात पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की कि ईडी ने विशेष अदालत के समक्ष दायर अपने एफईओ (Fugitive economic offender) आवेदन में इस महत्वपूर्ण तथ्य का खुलासा नहीं किया कि सीबीआई ने मूल मामले में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल कर दी है. जस्टिस सुभाष विद्यार्थी ने कहा कि राज्य और उसकी एजेंसियों से एक आदर्श वादी के रूप में काम करने की अपेक्षा की जाती है. महत्वपूर्ण तथ्यों को छिपाना यह दर्शाता है कि ईडी साफ हाथों से अदालत के समक्ष नहीं आई थी.

नोटिस तामील करने की वैधानिक प्रक्रिया का उल्लंघन: एफईओ (Fugitive economic offender) अधिनियम की धारा 10(4) के अनुसार, विदेश में रह रहे व्यक्ति को नोटिस केंद्र सरकार द्वारा अधिसूचित प्राधिकरण (इस मामले में यूएई स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास) के माध्यम से तामील कराया जाना अनिवार्य है. अदालत ने पाया कि ईडी ने 5 फरवरी 2026 को दूतावास को नोटिस भेजा था, लेकिन रिकॉर्ड में ऐसा कोई प्रमाण नहीं है कि दूतावास ने वास्तव में मोहम्मद इकबाल को वह नोटिस तामील कराया. इसके अतिरिक्त, सहारनपुर स्थित उनके पुराने आवास पर नोटिस चस्पा करना भी वैध तामील नहीं माना जा सकता, क्योंकि ईडी को स्वयं यह जानकारी थी कि इकबाल दुबई में रह रहे हैं.

छह सप्ताह की अनिवार्य अवधि का पालन नहीं: Fugitive economic offender Act की धारा 10(3) के तहत नोटिस में व्यक्ति को पेश होने के लिए कम से कम छह सप्ताह का समय दिया जाना अनिवार्य है. ईडी ने दावा किया था कि उसने 25 फरवरी 2026 को ईमेल के माध्यम से नोटिस भेजा था. यदि इस तारीख को भी मान लिया जाए, तो छह सप्ताह की अनिवार्य अवधि 1 अप्रैल 2026 को पूरी होती थी. लेकिन विशेष अदालत ने इससे एक दिन पहले ही, यानी 31 मार्च 2026 को आदेश पारित कर दिया, जो वैधानिक प्रावधानों का सीधा उल्लंघन है.

विशेष अदालत की संतुष्टि का अभाव: अदालत ने यह भी नोट किया कि निचली अदालत ने Fugitive economic offender Act की धारा 11(3) के तहत अपनी यह संतुष्टि दर्ज नहीं की थी कि नोटिस विधिवत तामील हो चुका है या तमाम प्रयासों के बावजूद आरोपी जानबूझकर तामील से बच रहा है. इसके बिना एकतरफा कार्यवाही करते हुए किसी को भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित करना कानून के विरुद्ध है.

इसे भी पढ़ें… आपराधिक केस के चलते किसी आरोपी को Summon करने का आदेश पारित करते समय मजिस्ट्रेट द्वारा अपने विवेक का प्रयोग करना अनिवार्य

हाईकोर्ट ने अपने आदेश में सभी अपीलों को स्वीकार करते हुए 31 मार्च 2026 के Fugitive economic offender घोषित करने के आदेश को रद्द कर दिया और डायनेमिक शुगर मिल, मैलो इन्फ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड तथा हनीवेल शुगर्स प्राइवेट लिमिटेड की कुर्क की गई संपत्तियों को तत्काल मुक्त करने का आदेश दिया.

इसके साथ ही, हाईकोर्ट ने संबंधित निचली अदालत को निर्देश दिया है कि वह सीबीआई द्वारा एफआईआर संख्या RC0062019A0005 में दाखिल की गई क्लोजर रिपोर्ट पर कानून के अनुसार शीघ्र उचित आदेश पारित करे. हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि यदि ट्रायल कोर्ट सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट को स्वीकार कर लेती है, तो मूल अपराध समाप्त हो जाएगा और इसके साथ ही पीएमएलए के तहत चल रही कार्यवाही भी स्वतः बंद हो जाएगी. यदि ट्रायल कोर्ट क्लोजर रिपोर्ट को खारिज करती है, तो प्रवर्तन निदेशालय कानून के अनुसार आगे की कार्यवाही करने के लिए स्वतंत्र होगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *