+91-9839333301

legalbulletin@legalbulletin.in

| Register

जूनियर हाई स्कूलों में Headmaster पद पर नियुक्ति के लिए सरकार पात्रता मानदंड तय करने में सक्षम है, इलाहाबाद हाई कोर्ट ने खारिज की 13 अभ्यर्थियों की याचिका

जूनियर हाई स्कूलों में Headmaster पद पर नियुक्ति के लिए सरकार पात्रता मानदंड तय करने में सक्षम है, इलाहाबाद हाई कोर्ट ने खारिज की 13 अभ्यर्थियों की याचिका

उत्तर प्रदेश के सहायता प्राप्त जूनियर हाई स्कूलों में Headmaster पद पर नियुक्ति के लिए निर्धारित अनुभव के नियमों को चुनौती देने वाली एक महत्वपूर्ण याचिका को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया है. जस्टिस अरिंदम सिन्हा और जस्टिस सत्य वीर सिंह की बेंच ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि राज्य सरकार सेवा में कार्यकुशलता और प्रशासनिक दक्षता सुनिश्चित करने के लिए Headmaster पद पर नियुक्ति की पात्रता के नियमों और वर्गीकरण (क्लासिफिकेशन) का निर्धारण करने के लिए पूरी तरह से सशक्त है. कोर्ट ने माना कि इंटरमीडिएट कॉलेजों और जूनियर हाई स्कूलों के शिक्षकों के अनुभव के बीच राज्य सरकार द्वारा किया गया अंतर तर्कसंगत है और इसमें न्यायिक हस्तक्षेप की कोई आवश्यकता नहीं है.

यह याचिका कृष्ण कुमार और 12 अन्य अभ्यर्थियों द्वारा उत्तर प्रदेश राज्य व तीन अन्य के विरुद्ध दायर की गई थी (रिट-ए संख्या: 6935 ऑफ 2026). याचिकाकर्ताओं की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता आरके ओझा और अधिवक्ता शिवेंदु ओझा व नित्योदित त्रिपाठी ने कोर्ट में पक्ष रखा.

जूनियर हाई स्कूल के Headmaster पद पर नियुक्ति के लिए “बेसिक शिक्षा परिषद के मान्यता प्राप्त जूनियर हाई स्कूल में पांच वर्ष का शिक्षण अनुभव” अनिवार्य

याचिकाकर्ताओं ने ‘उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त बेसिक स्कूल (जूनियर हाई स्कूल) (अध्यापकों की भर्ती एवं सेवा शर्तें) नियमावली, 1978’ (सातवां संशोधन नियमावली, 2019) के नियम 4(2) की संवैधानिक वैधता को चुनौती दी थी. इस संशोधित नियम के तहत जूनियर हाई स्कूल के Headmaster पद पर नियुक्ति के लिए “बेसिक शिक्षा परिषद के किसी मान्यता प्राप्त जूनियर हाई स्कूल या सीनियर बेसिक स्कूल में पांच वर्ष का शिक्षण अनुभव” अनिवार्य किया गया है.

याचिकाकर्ताओं की मुख्य दलील यह थी कि वे ‘इंटरमीडिएट शिक्षा अधिनियम, 1921’ के तहत संचालित हाई स्कूल और इंटरमीडिएट कॉलेजों में शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं. वरिष्ठ अधिवक्ता आरके ओझा ने तर्क दिया कि इन इंटरमीडिएट स्कूलों में भी कक्षा 6, 7 और 8 की पढ़ाई होती है, जिसका पाठ्यक्रम (सिलेबस) और शिक्षकों की शैक्षणिक योग्यता बिल्कुल वैसी ही है जैसी बेसिक शिक्षा परिषद के जूनियर हाई स्कूलों में होती है.

इसे भी पढ़ें… Compassionate Appointment का दावा इसलिए नहीं खारिज किया जा सकता है कि आवेदक अधिकतम आयु सीमा से अधिक उम्र का है

इसके बावजूद, नए नियम में Headmaster पद पर नियुक्ति की पात्रता में इंटरमीडिएट स्कूलों के शिक्षकों के कक्षा 6 से 8 तक पढ़ाने के अनुभव को नजरअंदाज कर दिया गया है. याचिकाकर्ताओं ने इसे संविधान के अनुच्छेद 14 (समानता का अधिकार) और अनुच्छेद 16 (लोक नियोजन में अवसर की समानता) का उल्लंघन बताते हुए इस प्रावधान को ‘असंवैधानिक’ (अल्ट्रा वायर्स) घोषित करने की मांग की थी.

उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से मुख्य स्थायी अधिवक्ता (सीएससी) डॉ. राजेश्वर त्रिपाठी ने याचिका का कड़ा विरोध किया. उन्होंने राज्य सरकार द्वारा दाखिल जवाबी हलफनामे (काउंटर एफिडेविट) के पैरा 11 और 12 का हवाला देते हुए कोर्ट को बताया कि एक सहायता प्राप्त जूनियर हाई स्कूल के Headmaster की जिम्मेदारियां केवल शैक्षणिक कार्यों या कक्षा में पढ़ाने तक सीमित नहीं होती हैं.

सरकार की ओर से कहा गया कि Headmaster को विद्यालय के विभिन्न प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन भी करना होता है. जो शिक्षक लगातार किसी मान्यता प्राप्त जूनियर हाई स्कूल में कार्य करता है, उसे बेसिक शिक्षा परिषद के अंतर्गत लागू होने वाले विभिन्न विभागीय कार्यक्रमों, नीतियों, अधिनियमों, शासनादेशों (गवर्नमेंट ऑर्डर्स) और विभिन्न समितियों व आयोगों से जुड़े कार्यों का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त होता है.

इसे भी पढ़ें… प्रयागराज में Traffic Management, ‘अर्बन मार्केट’ और वेंडिंग जोन पर कोर्ट सख्त, हाईकोर्ट और सर्किट हाउस के आसपास से अर्बन मार्केट हटाने का निर्देश

इंटरमीडिएट अधिनियम के तहत चलने वाले कॉलेजों की कार्यप्रणाली और प्रशासनिक ढांचा इससे अलग होता है, इसलिए वहां के शिक्षकों को जूनियर हाई स्कूल के विशेष प्रशासनिक तंत्र का वह व्यावहारिक अनुभव नहीं मिल पाता.

सुनवाई के दौरान मुख्य स्थायी अधिवक्ता डॉ. त्रिपाठी ने सुप्रीम कोर्ट की तीन जजों की पीठ के ऐतिहासिक फैसले ‘मोहन कुमार सिंघानिया बनाम भारत संघ’ (1992) के पैरा 130 का उदाहरण प्रस्तुत किया. इस फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने व्यवस्था दी थी कि अनुच्छेद 14 किसी भी तरह के भेदभाव को रोकता है, लेकिन यह ‘तार्किक वर्गीकरण’ (इंटेलिजिबल डिफरेंशिया) की अनुमति देता है, बशर्ते उस वर्गीकरण का नियम के उद्देश्य से सीधा और तर्कसंगत संबंध हो.

सुप्रीम कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया था कि सरकार सेवा में दक्षता का आवश्यक स्तर बनाए रखने के लिए वर्गीकरण के नियम बनाने हेतु वैध रूप से सशक्त है, और ऐसे वर्गीकरण का वैज्ञानिक रूप से पूर्ण या तार्किक रूप से शत-प्रतिशत दोषरहित होना आवश्यक नहीं है.

इसे भी पढ़ें… यूपी टीईटी 2026: Controversial Questions पर सभी अभ्यर्थियों को मिलेंगे समान अंक, पास अभ्यर्थियों का रिजल्ट प्रभावित नहीं होगा

इलाहाबाद हाईकोर्ट की खंडपीठ ने दोनों पक्षों की दलीलों और रिकॉर्ड पर मौजूद दस्तावेजों का गहन अध्ययन किया. कोर्ट ने अपने अवलोकन में यह नोट किया कि यद्यपि 2019 के सातवें संशोधन नियम में स्पष्ट रूप से इस प्रशासनिक अनुभव का अलग से उल्लेख नहीं दिखता, लेकिन याचिकाकर्ताओं ने अपने प्रत्युत्तर हलफनामे (रिजॉइन्डर) में राज्य सरकार के इस दावे का खंडन नहीं किया है कि जूनियर हाई स्कूल के शिक्षकों को विशेष विभागीय और प्रशासनिक अनुभव प्राप्त होता है.

खंडपीठ ने अपने फैसले में कहा कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा स्थापित कानून के सिद्धांतों से यह अदालत बंधी हुई है. चूंकि सरकार सेवा में कार्यकुशलता सुनिश्चित करने के लिए पात्रता मानदंड तय करने में सक्षम है और याचिकाकर्ता सरकार के प्रशासनिक अनुभव संबंधी तर्क को गलत साबित करने में विफल रहे हैं, इसलिए न्यायालय के पास इस नियम में हस्तक्षेप करने का कोई आधार नहीं है.

इसे भी पढ़ें… कोर्ट रूम में भीतर Court proceeding की वीडियो बनाना न्याय प्रशासन में हस्तक्षेप, वीडियो बना रहा युवक हिरासत में, 20 को हाई कोर्ट में पेश करने का आदेश

इसी के साथ हाईकोर्ट ने कृष्ण कुमार व अन्य की रिट याचिका को खारिज कर दिया. इस फैसले से प्रदेश के जूनियर हाई स्कूलों में Headmaster भर्ती की प्रक्रिया को लेकर चल रहे एक बड़े कानूनी विवाद का पटाक्षेप हो गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *