आपराधिक केस के चलते किसी आरोपी को Summon करने का आदेश पारित करते समय मजिस्ट्रेट द्वारा अपने विवेक का प्रयोग करना अनिवार्य

यह विवाद वर्ष 1996 में निष्पादित एक पंजीकृत बैनामे से जुड़ा है. मामले के तथ्यों के अनुसार, पंकज किशोर तिवारी ने 5 अप्रैल 2013 को आवेदक रियाजुद्दीन के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज कराई थी. शिकायतकर्ता का आरोप था कि ईंट भट्ठा मालिक रियाजुद्दीन ने उनके पिता और चाचा के साथ धोखाधड़ी कर उनकी जमीन का बैनामा अपने पक्ष में करा लिया है. शिकायतकर्ता का मुख्य तर्क यह था कि उनके पिता एक शिक्षित व्यक्ति थे, इसके बावजूद 17 सितंबर 1996 को पंजीकृत हुए इस बैनामे पर हस्ताक्षर के बजाय उनका अंगूठा लगवाया गया, जो कि जालसाजी और धोखाधड़ी को दर्शाता है.
पुलिस ने इस मामले की विस्तृत विवेचना की और आरोपों को निराधार पाते हुए अंतिम रिपोर्ट दाखिल कर दी. पुलिस की इस क्लोजर रिपोर्ट से असंतुष्ट होकर शिकायतकर्ता ने 17 मई 2013 को अदालत में प्रोटेस्ट पिटीशन (विरोध याचिका) दाखिल की. संबंधित मजिस्ट्रेट ने इस प्रोटेस्ट पिटीशन को परिवाद के रूप में दर्ज करने का आदेश दिया.
इसके बाद दंड प्रक्रिया संहिता (Cr PC) की धारा 200 के तहत परिवादी पंकज किशोर तिवारी और धारा 202 के तहत गवाहों-अशोक कुमार तिवारी तथा नरेंद्र कुमार-के बयान दर्ज किए गए. इन बयानों के आधार पर न्यायिक मजिस्ट्रेट, लखीमपुर ने 24 नवंबर 2016 को आवेदक रियाजुद्दीन को भारतीय दंड संहिता की धारा 419, 420 और 468 के तहत मुकदमे का सामना करने के लिए Summon जारी कर दिया.
निचली अदालत के Summon आदेश से व्यथित होकर इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ में याचिका दायर की
निचली अदालत के इस Summon आदेश से व्यथित होकर रियाजुद्दीन ने वर्ष 2017 में धारा 482 CrPC के तहत इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ में याचिका दायर की. आवेदक के अधिवक्ता रिजवानुल हक अंसारी ने अदालत के समक्ष दलील दी कि मजिस्ट्रेट द्वारा पारित संज्ञान और Summon आदेश पूरी तरह से विवेकहीन है. उन्होंने तर्क दिया कि विवादित बैनामा वर्ष 1996 का एक पंजीकृत दस्तावेज है, जिसे कई वर्षों बाद आपराधिक रंग देने का प्रयास किया जा रहा है और मजिस्ट्रेट ने रिकॉर्ड पर मौजूद साक्ष्यों का मूल्यांकन किए बिना ही यांत्रिक तरीके से Summon जारी कर दिया.
दूसरी ओर, परिवादी के अधिवक्ता किशन तिवारी और राज्य सरकार की ओर से अपर शासकीय अधिवक्ता ने याचिका का कड़ा विरोध किया. उन्होंने कहा कि मजिस्ट्रेट ने परिवादी और गवाहों के बयानों पर विचार करने के बाद प्रथम दृष्टया अपराध बनता हुआ पाया है, इसलिए Summon आदेश में किसी हस्तक्षेप की आवश्यकता नहीं है.
दोनों पक्षों की दलीलों को सुनने और पत्रावली का अवलोकन करने के बाद जस्टिस अवनीश सक्सेना ने सुप्रीम कोर्ट के कई ऐतिहासिक फैसलों—जैसे पेप्सी फूड्स बनाम स्पेशल ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट (1998), एम.एन. ओझा बनाम आलोक कुमार श्रीवास्तव (2009), फियोना श्रीखंडे बनाम महाराष्ट्र राज्य (2013), भजन लाल (1992) और वर्ष 2025 के नवीनतम निर्णयों नरेश पॉटरीज तथा पुनीत बेरीवाला का हवाला दिया.
अदालत ने अपने आदेश में रेखांकित किया कि धारा 482 CrPC (अब भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 528) के तहत उच्च न्यायालय की अंतर्निहित शक्तियों का उपयोग कानून की प्रक्रिया के दुरुपयोग को रोकने और न्याय के उद्देश्यों की पूर्ति के लिए किया जाना चाहिए. सुप्रीम कोर्ट के सिद्धांतों को दोहराते हुए पीठ ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को आपराधिक मामले में आरोपी के रूप में तलब (Summon) करना एक अत्यंत गंभीर विषय है और आपराधिक कानून को महज एक औपचारिकता के रूप में गतिमान नहीं किया जा सकता.
जस्टिस सक्सेना ने 24 नवंबर 2016 के विवादित Summon आदेश का हूबहू उल्लेख करते हुए पाया कि मजिस्ट्रेट ने अपने आदेश में न तो परिवाद के तथ्यों की चर्चा की है और न ही परिवादी व गवाहों के बयानों का कोई विश्लेषण किया है. मजिस्ट्रेट ने केवल यह लिखकर समन जारी कर दिया कि “पत्रावली के अवलोकन से स्पष्ट है कि परिवादी द्वारा तलबी बाबत पर्याप्त साक्ष्य प्रस्तुत किए गए हैं.”
उच्च न्यायालय ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रथम दृष्टया मजिस्ट्रेट का Summon आदेश अभिव्यक्तिहीन और अस्पष्ट है, तथा इससे यह बिल्कुल भी परिलक्षित नहीं होता कि मजिस्ट्रेट ने संज्ञान लेने या समन जारी करने से पहले अपने न्यायिक मस्तिष्क का उपयोग किया है. अदालत ने यह भी टिप्पणी की कि यह विवाद एक पंजीकृत बैनामे से उत्पन्न हुआ है, जिसमें बिना ठोस आधार के आसानी से आपराधिक हस्तक्षेप नहीं किया जाना चाहिए.
अंततः, मामले के गुण-दोष पर कोई अंतिम राय व्यक्त किए बिना, केवल प्रक्रियात्मक त्रुटि और न्यायिक विवेक के अभाव के आधार पर हाईकोर्ट ने याचिका स्वीकार कर ली. अदालत ने 24 नवंबर 2016 के समन आदेश को निरस्त करते हुए आवेदक रियाजुद्दीन के विरुद्ध परिवाद संख्या 407/2014 की समस्त कार्यवाही को रद्द करने का आदेश दिया.