+91-9839333301

legalbulletin@legalbulletin.in

| Register

आदेश की अवहेलना पर CGST के संयुक्त आयुक्त ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में मांगी बिना शर्त माफी, केएल राठी स्टील्स के खिलाफ 26 दिसंबर 2025 को पारित आदेश रद्द

आदेश की अवहेलना पर CGST के संयुक्त आयुक्त ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में मांगी बिना शर्त माफी, केएल राठी स्टील्स के खिलाफ 26 दिसंबर 2025 को पारित आदेश रद्द

न्यायिक आदेशों की अनदेखी और प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के उल्लंघन के एक महत्वपूर्ण मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कड़ा रुख अपनाते हुए CGST (केंद्रीय माल एवं सेवा कर) विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं. न्यायालय की सख्त टिप्पणी और व्यक्तिगत रूप से पक्षकार बनाए जाने के बाद, CGST दिल्ली पश्चिम आयुक्तालय की संयुक्त आयुक्त श्रीमती चंदनदीप कौर ग्रेवाल ने अदालत में व्यक्तिगत हलफनामा दाखिल कर अपनी गलती स्वीकार की और बिना शर्त माफी मांगी. इसके पश्चात जस्टिस सौमित्र दयाल सिंह और जस्टिस स्वरूपमा चतुर्वेदी की बेंच ने मेसर्स केएल राठी स्टील्स लिमिटेड के खिलाफ पारित कर निर्धारण आदेश को रद्द कर दिया है.

याचिकाकर्ता कंपनी मेसर्स केएल राठी स्टील्स लिमिटेड और दो अन्य ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में रिट टैक्स याचिका संख्या 4020/2026 दाखिल की थी. याचिका में संयुक्त आयुक्त, सीजीएसटी दिल्ली पश्चिम द्वारा 29 जून 2026 को पारित आदेश (संख्या 967/ CGST West/GST/CKG/JC/2026-27) को रद्द करने और इस आदेश तथा 26 दिसंबर 2025 के मूल आदेश के आधार पर किसी भी तरह की वसूली पर रोक लगाने की मांग की गई थी.

इसे भी पढ़ें… यूपीपीएससी की एपीओ प्री परीक्षा 2025 का परिणाम रद्द, मेधावी आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सामान्य श्रेणी में शामिल कर नए सिरे से रिजल्ट जारी करने का आदेश

यह विवाद मुकदमेबाजी के पहले चरण से जुड़ा है. पूर्व में दायर रिट टैक्स याचिका संख्या 1851/2026 में सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने 30 मार्च 2026 को 26 दिसंबर 2025 के अधिनिर्णयन आदेश को याचिकाकर्ताओं की हद तक रद्द कर दिया था. उस समय कोर्ट ने स्पष्ट निर्देश दिया था कि याचिकाकर्ताओं द्वारा 21 अगस्त 2025 को दिए गए लंबित प्रार्थना पत्र पर एक सप्ताह के भीतर उचित निर्णय लिया जाए.

कोर्ट ने आदेश दिया था कि याचिकाकर्ताओं को उनके द्वारा मांगे गए ‘रिलाइड अपॉन डॉक्यूमेंट्स’ (RUDs – जिन दस्तावेजों पर विभाग ने भरोसा किया है) की प्रतियां उपलब्ध कराई जाएं और साथ ही गवाहों से जिरह करने की अनुमति के संबंध में भी सूचित किया जाए. यदि जिरह की मांग का कोई हिस्सा अस्वीकार किया जाता है, तो उसका पर्याप्त कारण भी उसी समय सीमा के भीतर याचिकाकर्ताओं को बताया जाए.

याचिकाकर्ताओं के अधिवक्ता ने अदालत को बताया कि हाईकोर्ट के 30 मार्च 2026 के स्पष्ट और बाध्यकारी निर्देशों के बावजूद, CGST के विभागीय अधिकारी ने न तो विशिष्ट दस्तावेज (RUDs) उपलब्ध कराए और न ही गवाहों से जिरह की अनुमति दी. इसके विपरीत, हाईकोर्ट का आदेश पारित होने के महज 18 दिन बाद, 19 अप्रैल 2026 को कारण बताओ नोटिस जारी कर याचिकाकर्ता को व्यक्तिगत सुनवाई के लिए बुला लिया गया.

इसे भी पढ़ें… Arbitration Act की धारा 36 के तहत किसी अवॉर्ड के निष्पादन के लिए डिक्री ट्रांसफर कराने की आवश्यकता नहीं: इलाहाबाद हाई कोर्ट

1 अक्टूबर 2026 को इस मामले की प्रारंभिक सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने इस रवैये पर गहरी नाराजगी व्यक्त की थी. कोर्ट ने अपने आदेश में दर्ज किया था कि CGST के अधिनिर्णयन प्राधिकारी ने 29 जून 2026 को नया आदेश पारित करते समय हाईकोर्ट के निर्देशों का केवल “खोखला और अर्थहीन अनुपालन” दिखाया.

अधिकारी ने आदेश के पैरा 7.4 और 7.9 में यह कहते हुए जिरह की मांग खारिज कर दी कि आरोप केवल बयानों पर आधारित नहीं हैं, बल्कि स्वतंत्र दस्तावेजी साक्ष्यों से समर्थित हैं, इसलिए जिरह आवश्यक नहीं है. साथ ही, पहली बार इस स्तर पर यह राय व्यक्त की गई कि सभी दस्तावेज पहले ही उपलब्ध करा दिए गए थे.

1 अक्टूबर 2026 की सुनवाई में कोर्ट ने प्रथम दृष्टया यह माना कि CGST दिल्ली पश्चिम आयुक्तालय की संयुक्त आयुक्त श्रीमती चंदनदीप कौर ग्रेवाल ने 30 मार्च 2026 के आदेश की जानबूझकर अवहेलना की है. इसके बाद कोर्ट ने कड़ा कदम उठाते हुए श्रीमती ग्रेवाल को उनके पद के बजाय व्यक्तिगत नाम से याचिका में प्रतिवादी संख्या 6 के रूप में पक्षकार बनाने का निर्देश दिया और उन्हें नोटिस जारी करते हुए 29 जून 2026 के आदेश के क्रियान्वयन पर रोक लगा दी.

अदालत की सख्ती के बाद संयुक्त आयुक्त CGST श्रीमती चंदनदीप कौर ग्रेवाल ने 30 अक्टूबर 2026 को अपना व्यक्तिगत हलफनामा दाखिल किया. हलफनामे में उन्होंने कहा कि वह माननीय न्यायालय और उसके आदेशों का सर्वोच्च सम्मान करती हैं और उनका कभी भी किसी आदेश की अवहेलना करने या उसे कमतर आंकने का कोई इरादा नहीं था.

इसे भी पढ़ें… जूनियर हाई स्कूलों में Headmaster पद पर नियुक्ति के लिए सरकार पात्रता मानदंड तय करने में सक्षम है, इलाहाबाद हाई कोर्ट ने खारिज की 13 अभ्यर्थियों की याचिका

उन्होंने स्पष्टीकरण दिया कि उन्होंने हाल ही में नए कार्यालय का कार्यभार संभाला था और पहली बार 30 मार्च 2026 के आदेश से रूबरू हुई थीं. आदेश के दायरे और उसके अनुपालन की वास्तविक स्थिति को समझने में हुई अनजाने में गलतफहमी के कारण यह चूक हुई. उन्होंने जोर देकर कहा कि इस कृत्य के पीछे कोई दुर्भावना या जानबूझकर अवमानना करने की मंशा नहीं थी.

CGST अधिकारी ने अदालत से बिना शर्त और हार्दिक माफी मांगते हुए स्वयं ही प्रार्थना की कि 29 जून 2026 के विवादित आदेश को रद्द कर दिया जाए

CGST अधिकारी ने अदालत से बिना शर्त और हार्दिक माफी मांगते हुए स्वयं ही प्रार्थना की कि 29 जून 2026 के विवादित आदेश को रद्द कर दिया जाए और मामले को कानून व न्यायालय के निर्देशों के अनुसार नए सिरे से निर्णय लेने के लिए वापस भेज दिया जाए.

26 नवंबर 2026 को मामले की अंतिम सुनवाई के दौरान राजस्व विभाग की ओर से उपस्थित अधिवक्ता ने भी अदालत को आश्वस्त किया कि संबंधित अधिकारी भविष्य की सभी कार्यवाहियों में आवश्यक सावधानी बरतेंगे. केंद्र सरकार की ओर से अधिवक्ता सुदर्शन सिंह उपस्थित रहे.

इसे भी पढ़ें… आपराधिक केस के चलते किसी आरोपी को Summon करने का आदेश पारित करते समय मजिस्ट्रेट द्वारा अपने विवेक का प्रयोग करना अनिवार्य

अधिकारी के बिना शर्त माफीनामे और आश्वासन को रिकॉर्ड पर लेते हुए दो जजों की बेंच ने याचिका को स्वीकार कर लिया. अदालत ने 29 जून 2026 के विवादित आदेश को रद्द करते हुए मामले को पास वापस भेज दिया है. हाईकोर्ट ने निर्देश दिया है कि मुकदमेबाजी के पहले चरण में जारी किए गए निर्देशों (दस्तावेज उपलब्ध कराने और जिरह के अनुरोध पर तर्कसंगत निर्णय लेने) को ध्यान में रखते हुए कानून के अनुसार सख्ती से नया आदेश पारित किया जाए. न्यायालय ने इस पूरी प्रक्रिया को छह महीने के भीतर पूरा करने का समय दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *