UPPSC की PCS (Pre) परीक्षा-2025 का परिणाम रद्द, संशोधित मेरिट सूची जारी कर मुख्य परीक्षा फिर से कराने का आदेश
इलाहाबाद हाई कोर्ट ने कहा, अनारक्षित श्रेणी सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित कोटा नहीं, यह एक ओपन कैटेगरी है जो योग्यता के आधार पर सभी वर्गों के अभ्यर्थियों के लिए खुली

यह फैसला जस्टिस मनीष कुमार निगम की बेंच ने संजय कुमार एवं 3 अन्य बनाम उत्तर प्रदेश राज्य एवं अन्य (रिट-ए संख्या 14971/2026) तथा इससे जुड़ी अन्य याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए सुनाया है. कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि अनारक्षित श्रेणी केवल सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित कोई अलग कोटा नहीं है. यह एक ओपन कैटेगरी है, जो योग्यता के आधार पर सभी वर्गों के अभ्यर्थियों के लिए खुली है. कोर्ट ने आयोग के 9 जनवरी, 2020 के कार्यालय-ज्ञाप और UPPSC के पीसीएस-2025 के विज्ञापन संख्या A-1/E-1/2025 के बिंदु संख्या-19 को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर यह रुख अपनाया है.
बता दें कि UPPSC ने 20 फरवरी, 2025 को सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (PCS) परीक्षा-2025 के लिए लगभग 200 पदों पर विज्ञापन जारी किया था. इस भर्ती प्रक्रिया के तीन चरण—प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू निर्धारित थे. 12 अक्टूबर, 2025 को आयोजित प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम 1 दिसंबर, 2025 को घोषित किया गया, जिसमें कुल 11,727 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया.
याचिकाकर्ता संजय कुमार व अन्य (जो ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग से संबंधित हैं) प्रारंभिक परीक्षा में सफल नहीं हो सके. उन्होंने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाते हुए आरोप लगाया कि आयोग ने प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा के स्तर पर श्रेणीवार सूची तैयार करते समय ‘अनारक्षित श्रेणी’ को केवल उन्हीं अभ्यर्थियों तक सीमित कर दिया जिन्होंने किसी आरक्षण का दावा नहीं किया था.
याचिकाकर्ताओं के अधिवक्ता ने तर्क दिया कि आरक्षित वर्ग (SC, ST, OBC और EWS) के जिन मेधावी अभ्यर्थियों ने अनारक्षित श्रेणी के अंतिम चयनित अभ्यर्थी से अधिक अंक प्राप्त किए थे, उन्हें अनारक्षित सूची में स्थान देने के बजाय उनके मूल आरक्षित वर्ग की सूची में ही रखा गया. इसके परिणामस्वरूप, उन आरक्षित श्रेणियों की सीटें उन मेधावी अभ्यर्थियों से भर गईं और कट-ऑफ ऊपर चला गया, जिससे नीचे के योग्य आरक्षित अभ्यर्थी चयन प्रक्रिया से बाहर हो गए.
सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट के 29 अक्टूबर, 2026 के आदेश के अनुपालन में UPPSC ने 16 नवंबर, 2026 को एक Supplementary Counter Affidavit दाखिल किया. आयोग द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों ने इस पूरे विवाद की गंभीरता को उजागर कर दिया:
- प्रारंभिक परीक्षा के स्तर पर: अनारक्षित श्रेणी के अंतिम चयनित अभ्यर्थी से अधिक अंक प्राप्त करने वालों में 2,993 ओबीसी (OBC), 464 अनुसूचित जाति (SC), 155 अनुसूचित जनजाति (ST) और 921 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के अभ्यर्थी शामिल थे.
- मुख्य परीक्षा के स्तर पर: सामान्य वर्ग के कट-ऑफ से अधिक अंक लाने वालों में 579 ओबीसी, 158 एससी, 5 एसटी और 168 ईडब्ल्यूएस अभ्यर्थी थे, जिन्हें अनारक्षित सूची में समायोजित नहीं किया गया था.
याचिकाकर्ताओं ने दलील दी कि यदि इन हजारों मेधावी अभ्यर्थियों को नियमानुसार अनारक्षित श्रेणी में रखा जाता तो आरक्षित वर्गों में उतने ही स्थान रिक्त होते और याचिकाकर्ताओं सहित अन्य योग्य आरक्षित अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा में बैठने का अवसर मिल जाता. UPPSC की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता और राज्य सरकार की ओर से अपर महाधिवक्ता ने याचिका का विरोध किया.
उन्होंने उत्तर प्रदेश लोक सेवा (अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों और अन्य पिछड़े वर्गों के लिए आरक्षण) अधिनियम, 1994 की धारा 3(6), 1986 के प्रारंभिक परीक्षा नियमों और आयोग के 2011 के कार्य संचालन नियमों (नियम 33) का हवाला दिया.
UPPSC का मुख्य तर्क था कि प्रारंभिक परीक्षा केवल एक ‘स्क्रीनिंग टेस्ट’ है, जिसके अंक अंतिम मेरिट सूची में नहीं जोड़े जाते. इसलिए, इस स्तर पर आरक्षण के नियमों या मेरिट आधारित माइग्रेशन को लागू नहीं किया जा सकता. UPPSC के 9 जनवरी, 2020 के कार्यालय-ज्ञाप के अनुसार, आरक्षित वर्ग के उन अभ्यर्थियों को, जिन्होंने चयन प्रक्रिया के किसी भी स्तर पर आयु या अर्हकारी मानकों में कोई छूट नहीं ली है, केवल अंतिम चयन (इंटरव्यू के बाद) के समय ही अनारक्षित श्रेणी में समायोजित किया जाता है.
राज्य सरकार के वकील ने यह भी दलील दी कि संविधान के अनुच्छेद 16(4) के तहत आरक्षण ‘नियुक्ति’ या ‘पदों’ पर लागू होता है, न कि चयन के प्रारंभिक चरणों पर. इसके अतिरिक्त, यह आपत्ति भी उठाई गई कि याचिकाकर्ता परीक्षा प्रक्रिया में शामिल होने के बाद अब नियमों को चुनौती नहीं दे सकते और मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को इस याचिका में पक्षकार नहीं बनाया गया है.
कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलों और सुप्रीम कोर्ट के इंदिरा साहनी बनाम भारत संघ, आर.के. सभरवाल बनाम पंजाब राज्य, सौरव यादव बनाम उत्तर प्रदेश राज्य (2021) और दीपेंद्र यादव बनाम मध्य प्रदेश राज्य (2024) में सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिये गये फैसले का विस्तृत विश्लेषण करते हुए आयोग की कार्यप्रणाली को संवैधानिक सिद्धांतों के विपरीत पाया.
अदालत ने अपने फैसले में निम्नलिखित प्रमुख सिद्धांत रेखांकित किए:
अनारक्षित श्रेणी ‘ओपन पूल’ है, न कि किसी वर्ग का कोटा: अदालत ने स्पष्ट किया कि अनारक्षित या सामान्य श्रेणी किसी विशेष समुदाय या गैर-आरक्षित वर्ग के लिए आरक्षित ‘कम्युनल कोटा’ नहीं है. यह एक खुली प्रतियोगिता का क्षेत्र है, जिसमें सामाजिक पृष्ठभूमि की परवाह किए बिना केवल योग्यता के आधार पर हर अभ्यर्थी स्थान पाने का हकदार है.
हर चरण में मेरिट को प्राथमिकता: कोर्ट ने UPPSC के इस तर्क को खारिज कर दिया कि मेधावी आरक्षित अभ्यर्थियों का समायोजन केवल अंतिम परिणाम में होना चाहिए. अदालत ने कहा कि प्रारंभिक परीक्षा भले ही एक छंटनी (स्क्रीनिंग) परीक्षा हो, लेकिन यह मुख्य परीक्षा का ‘गेट पास’ है. यदि प्रारंभिक या मुख्य परीक्षा के स्तर पर ही अधिक अंक लाने वाले आरक्षित अभ्यर्थियों को ओपन कैटेगरी में नहीं रखा जाएगा, तो उन्हें उनके ही आरक्षित कोटे की सीटों पर सीमित कर दिया जाएगा. इससे कम अंक वाले आरक्षित अभ्यर्थी बाहर हो जाएंगे, जो संविधान के अनुच्छेद 14 और 16 का सीधा उल्लंघन है.
सकारात्मक कार्रवाई का दुरुपयोग अस्वीकार्य: अदालत ने टिप्पणी की कि आरक्षण का उद्देश्य ऐतिहासिक रूप से वंचित वर्गों को समान अवसर प्रदान करना है. कोई भी प्रक्रिया जो आरक्षित वर्ग की मेधा का उपयोग उन्हीं के वर्ग की सीटों को भरने के लिए करती है और उन्हें ओपन कैटेगरी से बाहर रखती है, वह सकारात्मक कार्रवाई की मूल भावना को नष्ट करती है.
कोर्ट ने 01 दिसंबर 2025 UPPSC द्वारा घोषित प्रारंभिक परीक्षा परिणाम तथा विज्ञापन की शर्त संख्या 19 को रद्द करते हुए (जबकि 09 जनवरी 2020 का कार्यालय ज्ञाप पूर्व में ही रिट याचिका संख्या 9155/2026 पंकज वर्मा में रद्द किया जा चुका है) आयोग को संशोधित प्रारंभिक परीक्षा परिणाम जारी कर उसके आधार पर मुख्य परीक्षा पुनः आयोजित करने का आदेश दिया है. इस फैसले के बाद अब उत्तर UPPSC की भर्ती प्रक्रियाओं में श्रेणीवार कट-ऑफ और परिणाम तैयार करने के तरीकों में बड़े बदलाव की उम्मीद है.