+91-9839333301

legalbulletin@legalbulletin.in

| Register

नहटौर विधानसभा चुनाव विवाद: भाजपा विधायक का 2022 का Election (निर्वाचन) इलाहाबाद हाई कोर्ट ने रद किया

इलाहाबाद हाई कोर्ट ने याचिकाकर्ता मुंशी राम को स्वयं विजयी घोषित करने मांग को खारिज किया

नहटौर विधानसभा चुनाव विवाद: भाजपा विधायक का 2022 का Election (निर्वाचन) इलाहाबाद हाई कोर्ट ने रद किया

इलाहाबाद हाई कोर्ट ने उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले की 21-नहटौर विधानसभा सीट से भाजपा के विधायक ओम कुमार का निर्वाचन (Election) शून्य घोषित कर निरस्त कर दिया है. जस्टिस सलिल कुमार राय की बेंच ने राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के पराजित प्रत्याशी मुंशी राम द्वारा जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 80, 80-A और 81 के तहत दायर इस चुनाव याचिका को न्यायालय ने आंशिक रूप से स्वीकार करते हुए यह फैसला सुनाया है. कोर्ट ने ओम कुमार का निर्वाचन (Election)  रद्द करने के बावजूद याचिकाकर्ता मुंशी राम को स्वयं विजयी घोषित करने तथा ईवीएम कंट्रोल यूनिटों व पोस्टल बैलेट की पुनर्मतगणना कराने की मांग को खारिज कर दिया.

21-नहटौर (अनुसूचित जाति आरक्षित) विधानसभा क्षेत्र के लिए चुनाव 21 जनवरी, 2022 को अधिसूचित किया गया था और यह उत्तर प्रदेश विधानसभा सामान्य निर्वाचन (Election), 2022 के दूसरे चरण में संपन्न हुआ. मतदान 14 फरवरी, 2022 को हुआ और 10 मार्च, 2022 को परिणाम घोषित किए गए. परिणाम के अनुसार, भाजपा प्रत्याशी ओम कुमार को 77,935 मत मिले और वे विजयी घोषित हुए, जबकि रालोद प्रत्याशी मुंशी राम को 77,677 मत प्राप्त हुए. जीत और हार का अंतर मात्र 258 मतों का रहा. अन्य प्रत्याशियों में बसपा की प्रिया सिंह को 38,020 मत प्राप्त हुए.

याचिकाकर्ता मुंशी राम ने Election को मुख्य रूप से दो आधारों पर चुनाव को चुनौती दी थी:

नामांकन पत्र और फॉर्म-26 शपथपत्र में त्रुटियां: याचिकाकर्ता का आरोप था कि रिटर्निंग ऑफिसर ने विजयी प्रत्याशी ओम कुमार तथा अन्य पांच प्रत्याशियों आलोक कुमार, ओमकार सिंह, दिलावर सिंह, विशाल कुमार और ऋषि पाल के नामांकन पत्रों को अनुचित रूप से स्वीकार किया. आरोप लगाया गया कि ओम कुमार ने फॉर्म-26 के पैरा 4 के कॉलम 5 में पिछले पांच वित्तीय वर्षों (2017-18 से 2021-22) के आयकर रिटर्न की कुल आय का विवरण केवल वित्तीय वर्ष 2021-22 (1,45,81,059 रुपये) के लिए दिया और वित्तीय वर्ष 2017-18 से 2020-21 की पंक्तियों को खाली छोड़ दिया.

साथ ही पत्नी व आश्रितों के पैन और आयकर विवरणों में “शून्य” या “लागू नहीं” लिखने के बजाय क्रॉस (“X”) लगाया तथा आपराधिक मामलों व दोषसिद्धि से जुड़े पैरा 5(i), 5(ii), 6(i), 6(ii) व 6-A तथा फॉर्मेट C-1 व C-2 में अनियमितताएं कीं. अन्य प्रत्याशियों के संबंध में क्रॉस लगाने, कॉलम खाली छोड़ने, केवल अंतिम पृष्ठ पर हस्ताक्षर करने या किसी भी पृष्ठ व ई-स्टाम्प पर हस्ताक्षर न करने के आरोप लगाए गए.

इसे भी पढ़ें… यूपीपीएससी की एपीओ प्री परीक्षा 2025 का परिणाम रद्द, मेधावी आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सामान्य श्रेणी में शामिल कर नए सिरे से रिजल्ट जारी करने का आदेश

मतगणना में अनियमितताएं: याचिकाकर्ता ने मतगणना कक्ष की व्यवस्था, खराब कंट्रोल यूनिटों वाले बूथों की वीवीपैट पर्चियों की गिनती में हेराफेरी कर उनके वोटों को प्रतिवादी के बंडलों में मिलाने, पोस्टल बैलेट में फॉर्म-13A घोषणापत्र के बिना मत गिनने तथा ईटीपीबीएस मतों की गिनती में क्यूआर कोड स्कैन न करने का आरोप लगाया.

भाजपा प्रत्याशी ओम कुमार ने अपने लिखित बयान में इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि रिटर्निंग ऑफिसर ने संवीक्षा में चेकलिस्ट जारी कर उनके नामांकन को पूर्ण व क्रम में पाया था, याचिकाकर्ता ने कोई लिखित आपत्ति नहीं दी थी, संपत्ति या देयता छिपाई नहीं गई थी और मतगणना निष्पक्ष व शांतिपूर्ण हुई थी.

  • न्यायालय ने पक्षकारों के अभिवचनों के आधार पर निम्नलिखित पांच वाद बिंदु तय किए:
  • वाद बिंदु (a): क्या निर्वाचित अभ्यर्थी ओम कुमार का फॉर्म-26 का शपथपत्र त्रुटिपूर्ण था, जिससे उनका नामांकन अनुचित रूप से स्वीकार किया गया और चुनाव परिणाम (Election) पर सारवान प्रभाव पड़ा?
  • वाद बिंदु (b): क्या प्रतिवादी संख्या 10, 4, 5, 9 और 7 के फॉर्म-26 शपथपत्र त्रुटिपूर्ण थे, उनके नामांकन अनुचित रूप से स्वीकार किए गए और क्या इससे चुनाव परिणाम (Election) पर सारवान प्रभाव पड़ा?
  • वाद बिंदु (c): क्या रिटर्निंग ऑफिसर, सहायक रिटर्निंग ऑफिसर और मतगणना कर्मियों ने कंट्रोल यूनिट, वीवीपैट, पोस्टल बैलेट और ईटीपीबीएस की गिनती में ऐसी अनियमितताएं कीं जिनसे चुनाव परिणाम (Election) पर सारवान प्रभाव पड़ा?
  • वाद बिंदु (d): क्या बूथ संख्या 44, 54, 180 और 234 की याचिकाकर्ता की वीवीपैट पर्चियों को मतगणना कर्मियों ने निर्वाचित अभ्यर्थी और बसपा प्रत्याशी प्रिया सिंह के बंडलों में मिला दिया, जिससे चुनाव परिणाम (Election) पर सारवान प्रभाव पड़ा?
  • वाद बिंदु (e): वादी/याचिकाकर्ता किस अनुतोष का हकदार है?

कोर्ट ने पहले मतगणना से जुड़े वाद बिंदुओं (c) और (d) का निस्तारण किया. याचिकाकर्ता की ओर से छह गवाह याचिकाकर्ता, रोहित राठी, शहाबुद्दीन, गौरव कुमार, अनिल चौधरी, सतेंद्र कुमार परीक्षित किए गए, जबकि प्रतिवादी संख्या 1 ने स्वयं गवाही दी.

इसे भी पढ़ें… Arbitration Act की धारा 36 के तहत किसी अवॉर्ड के निष्पादन के लिए डिक्री ट्रांसफर कराने की आवश्यकता नहीं: इलाहाबाद हाई कोर्ट

वीवीपैट पर्चियों की अदला-बदली का आरोप सिद्ध नहीं हो सका: याचिकाकर्ता को व्यक्तिगत जानकारी नहीं थी और उनका कथन एजेंटों से मिली सूचना पर आधारित था.जिरह में स्वीकार किया कि उन्होंने अन्य प्रत्याशियों के एजेंटों की बात के आधार पर मत लिखे थे और यह स्पष्ट नहीं कर सके कि उन्हें कैसे पता चला कि याचिकाकर्ता के वोट दूसरों के खाते में गिने गए. जिरह में माना कि वीवीपैट पर्चियां उनके सामने नहीं गिनी गईं और न ही उन्हें दिखाई गईं. बूथ 234 के लिए टेबल 10 के एजेंट कपिल कुमार को गवाही में पेश ही नहीं किया गया.

न्यायालय ने यह भी स्पष्ट किया कि विवादित बताए गए कुल 239 मतों (टेबल 17 के 64 मत बिना गवाही के हटाने पर 175 मत) को यदि प्रतिवादी के खाते से घटा भी दिया जाए, तब भी वे याचिकाकर्ता के मत नहीं थे और 258 मतों का अंतर पलटता नहीं है.

वाद बिंदुओं (a) और (b) पर विचार करते हुए जस्टिस सलिल कुमार राय ने संविधान के अनुच्छेद 324(1) व 19(1)(a), जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 30, 33, 33A, 33B, 34, 35, 36 व 169, निर्वाचन संचालन नियम, 1961 के नियम 4 व 4A तथा 26 फरवरी, 2019 के संशोधन द्वारा फॉर्म-26 में जोड़े गए पांच वर्षों की आय के विवरण और नोट 1 से 5 की विस्तृत व्याख्या की.

कोर्ट ने एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR, 2002), पीयूसीएल (PUCL, 2003), शालिग्राम श्रीवास्तव (2003), रिसर्जेंस इंडिया (2014), किसान शंकर कथोरे (2014), लोक प्रहरी (2018), करिखो क्री (2024) और अजमेरा श्याम (2026) के निर्णयों का विश्लेषण करते हुए प्रतिवादी संख्या 1 की प्रारंभिक आपत्तियों को खारिज किया:

इसे भी पढ़ें… जूनियर हाई स्कूलों में Headmaster पद पर नियुक्ति के लिए सरकार पात्रता मानदंड तय करने में सक्षम है, इलाहाबाद हाई कोर्ट ने खारिज की 13 अभ्यर्थियों की याचिका

फॉर्म-26 की वैधानिकता: अदालत ने कहा कि निर्वाचन (Election) संचालन नियम, 1961 की अनुसूची में शामिल फॉर्म-26 नियम 4A व धारा 33A के तहत दाखिल किया जाता है और इसमें वैधानिक बल है. यह नामांकन दाखिल व संवीक्षा की वैधानिक प्रक्रिया का अभिन्न अंग है, और इसमें जनप्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 36(4) के तहत “सारवान प्रकृति की त्रुटि” होने पर धारा 36(2) के तहत नामांकन अस्वीकार किया जा सकता है.

संवीक्षा में आपत्ति न होने का प्रभाव: अदालत ने अजमेरा श्याम के पैरा 102 व 104 का हवाला देते हुए स्पष्ट किया कि संवीक्षा के समय आपत्ति दर्ज न करने से चुनाव याचिका में नामांकन की वैधता को चुनौती देने पर कोई रोक नहीं लगती, विशेषकर जब फॉर्म-26 के चेहरे पर ही कॉलम खाली दिख रहे हों.

विभिन्न त्रुटियों पर अदालत के निष्कर्ष: “शून्य” या “लागू नहीं” के स्थान पर क्रॉस (“X”): अदालत ने शंभू प्रसाद शर्मा के सिद्धांत के आधार पर माना कि क्रॉस का निशान लगाना form की त्रुटि है, substance की नहीं; इससे सूचना छिपाना नहीं माना जा सकता.

पैरा 5(i), 6(i) में टिक न करना और पैरा 6A खाली छोड़ना: चूंकि संबंधित प्रत्याशियों ने पैरा 5(ii) व 6(ii) में “Not Applicable” लिखा था और कोई लंबित आपराधिक मामला या दोषसिद्धि नहीं थी, इसलिए इसे सारवान त्रुटि नहीं माना गया.

इसे भी पढ़ें… मासूम बच्ची से दरिंदगी के दोषी की 25 साल की सजा बरकरार, इलाहाबाद हाई कोर्ट ने आरोपी को राहत देने से किया इंकार

हस्ताक्षर न होने का प्रभाव (नोट 5): फॉर्म-26 के नोट 5 के अनुसार शपथपत्र के प्रत्येक पृष्ठ पर अभिकर्ता के हस्ताक्षर और नोटरी/मजिस्ट्रेट की मुहर अनिवार्य है. प्रतिवादी संख्या 7 ने किसी भी पृष्ठ या ई-स्टाम्प पर हस्ताक्षर नहीं किए थे और प्रतिवादी संख्या 9 ने केवल अंतिम पृष्ठ पर हस्ताक्षर किए थे. अदालत ने कहा कि बिना हस्ताक्षर वाला शपथपत्र कोई शपथपत्र नहीं है, अतः प्रतिवादी संख्या 7 और 9 के शपथपत्रों में सारवान त्रुटि थी और उनके नामांकन अनुचित रूप से स्वीकार किए गए.

ओम कुमार और प्रतिवादी संख्या 4 के फॉर्म-26 में खाली कॉलम: ओम कुमार ने पैरा 4 के कॉलम 5 में वित्तीय वर्ष 2021-22 की आय दर्शाई, लेकिन पिछले चार वित्तीय वर्षों (2017-18 से 2020-21) की पंक्तियों को पूरी तरह खाली छोड़ दिया. प्रतिवादी संख्या 4 ने भी अंतिम आयकर रिटर्न के वित्तीय वर्ष (कॉलम 4) को खाली छोड़ा.

अदालत ने रिसर्जेंस इंडिया के सिद्धांतों के आधार पर कहा कि मतदाताओं के अनुच्छेद 19(1)(a) के तहत जानने के मौलिक अधिकार के लिए पांच वर्षों की आय का विवरण आवश्यक है, जिससे मतदाता आय, संपत्ति और आय के स्रोतों की तुलना कर सकें. कॉलम खाली छोड़ने से प्रकटीकरण निष्प्रभावी हो जाता है और यह धारा 36(2) व 36(4) के तहत सारवान प्रकृति की त्रुटि है. अदालत ने कहा कि उन मामलों में “Nil” दर्ज था या संपत्ति/देयता की सत्यता विवादित थी, जबकि यहाँ चार वर्षों की आय के कॉलम पूरी तरह खाली थे.

रिटर्निंग ऑफिसर की चेकलिस्ट और अनुस्मारक न दिए जाने का प्रभाव: अदालत ने कहा कि रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा चेकलिस्ट में त्रुटि न दर्शाने या अनुस्मारक न देने से अभ्यर्थी का वैधानिक प्रकटीकरण दायित्व समाप्त नहीं होता और न ही सारवान त्रुटि वाला नामांकन वैध हो जाता है.

अदालत ने स्पष्ट किया कि पराजित प्रत्याशियों के नामांकन अनुचित रूप से स्वीकार किए जाने से चुनाव परिणाम (Election) पर सारवान प्रभाव पड़ा, यह साबित करने का कड़ा भार संतोष यादव के सिद्धांत के अनुसार याचिकाकर्ता पर था, जिसे वे मदिराजू वेंकट रमण राजू व मैरेम्बम पृथ्विराज के सिद्धांतों के तहत निर्वाचित (Election) अभ्यर्थी के मामले में लागू नहीं होता.

मदिराजू (तीन न्यायाधीशों की पीठ) के सिद्धांत को करीम उद्दीन बरभुइया (दो न्यायाधीशों की पीठ) पर बाध्यकारी मानते हुए अदालत ने कहा कि यदि ओम कुमार का नामांकन अस्वीकार कर दिया जाता, तो वे चुनाव ही नहीं लड़ पाते; अतः उनके नामांकन की अनुचित स्वीकृति ने चुनाव परिणाम को अनिवार्य रूप से सारवान रूप से प्रभावित किया.

वाद बिंदु (e) के तहत याचिकाकर्ता मुंशी राम को स्वयं विजयी घोषित (Election) करने की मांग को न्यायालय ने जनप्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 101 तथा प्रकाश खांड्रे व मुनिराजू गौड़ा के निर्णयों के आलोक में खारिज कर दिया. अदालत ने कहा कि एक से अधिक प्रत्याशी होने पर विजयी प्रत्याशी का निर्वाचन (Election) शून्य घोषित होने मात्र से दूसरे स्थान पर रहे प्रत्याशी को स्वतः निर्वाचित घोषित नहीं किया जा सकता और न ही विजयी प्रत्याशी को मिले मतों को “व्यर्थ/फेंके गए मत” माना जा सकता है.

कोर्ट ने अपने अंतिम आदेश में वाद बिंदु (a) याचिकाकर्ता के पक्ष में तय करते हुए ओम कुमार का फॉर्म-26 सारवान रूप से त्रुटिपूर्ण पाया और उनके नामांकन की अनुचित स्वीकृति को चुनाव परिणाम (Election) को सारवान रूप से प्रभावित करने वाला माना. वाद बिंदु (b) के तहत प्रतिवादी संख्या 5 व 10 के नामांकन को वैध तथा प्रतिवादी संख्या 4, 7 व 9 के नामांकन को अनुचित रूप से स्वीकृत माना, परंतु यह नहीं पाया कि इन तीनों पराजित प्रत्याशियों के नामांकन से चुनाव परिणाम (Election) पर सारवान प्रभाव पड़ा. वाद बिंदु (c) और (d) याचिकाकर्ता के विरुद्ध तय किए.

वाद बिंदु (e) के तहत याचिका को आंशिक रूप से स्वीकार करते हुए 14 फरवरी, 2022 को हुए मतदान और 10 मार्च, 2022 को घोषित परिणाम (Election) के आधार पर 21-नहटौर (अनुसूचित जाति आरक्षित) विधानसभा सीट से उत्तर प्रदेश विधानसभा सदस्य के रूप में ओम कुमार का निर्वाचन (Election) शून्य घोषित कर निरस्त कर दिया. याचिकाकर्ता को विजयी घोषित करने तथा पुनर्मतगणना (प्रार्थना B से F) की मांग अस्वीकार कर दी गई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *