Arbitration Act की धारा 36 के तहत किसी अवॉर्ड के निष्पादन के लिए डिक्री ट्रांसफर कराने की आवश्यकता नहीं: इलाहाबाद हाई कोर्ट

कोर्ट ने अपने फैसले में जहां एक ओर बीएसएनएल को बड़ी राहत देते हुए बरेली की कमर्शियल कोर्ट में Arbitration अवॉर्ड के खिलाफ उसकी आपत्तियों की सुनवाई का रास्ता साफ कर दिया है, वहीं दूसरी ओर मेरठ की कमर्शियल कोर्ट द्वारा अवॉर्ड के निष्पादन (एग्जीक्यूशन) की कार्यवाही जारी रखने के आदेश में हस्तक्षेप करने से साफ इनकार कर दिया है.
यह पूरा मामला 1.61 लाख रुपये के मूल बकाया भुगतान से शुरू हुआ था, लेकिन एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम) फैसिलिटेशन काउंसिल द्वारा भारी-भरकम चक्रवृद्धि ब्याज जोड़े जाने के बाद यह राशि बढ़कर 57 लाख रुपये से अधिक हो गई थी. हाईकोर्ट के इस फैसले के साथ ही मुख्य याचिका स्वीकार कर ली गई है, जबकि इससे जुड़ी दूसरी याचिका को खारिज कर दिया गया है.
मामले की पृष्ठभूमि वर्ष 2014 से जुड़ी है. केंद्र सरकार के दूरसंचार विभाग के अधीन सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम बीएसएनएल ने 1 जुलाई, 2014 से 30 अक्टूबर, 2015 तक की अवधि के लिए इंजन अल्टरनेटर के संचालन और रखरखाव (ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस) का ठेका मेसर्स लक्ष्मी इलेक्ट्रिक एंड मोटर वाइंडिंग वर्क्स को दिया था. इस संबंध में 1 जुलाई, 2014 को बरेली में दोनों पक्षों के बीच एक औपचारिक समझौता निष्पादित हुआ था, जिसमें भुगतान की शर्तों, परफॉरमेंस गारंटी और विवाद की स्थिति में मध्यस्थता (Arbitration) का प्रावधान शामिल था.
बरेली में दोनों पक्षों के बीच समझौता निष्पादित हुआ था, जिसमें भुगतान की शर्तों, परफॉरमेंस गारंटी और विवाद की स्थिति में Arbitration का प्रावधान शामिल था
कार्य के दौरान दोनों पक्षों के बीच भुगतान को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया. चूंकि ठेकेदार फर्म सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विकास अधिनियम, 2006 के तहत पंजीकृत थी, इसलिए उसने कानपुर स्थित एमएसएमई फैसिलिटेशन काउंसिल के समक्ष अपना दावा पेश किया. काउंसिल ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद एक अवॉर्ड पारित किया, जिसके तहत फर्म को 1,61,336 रुपये की मूल बकाया राशि का हकदार माना गया. हालांकि, इस अवॉर्ड का सबसे चौंकाने वाला हिस्सा ब्याज की गणना थी.
आगरा मंडल के संयुक्त उद्योग आयुक्त के निर्देश पर आपूर्तिकर्ता फर्म द्वारा चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) से तैयार कराए गए गणना चार्ट के आधार पर 30 नवंबर, 2024 तक का ब्याज 55,39,736 रुपये आंका गया. इस प्रकार मूलधन और ब्याज मिलाकर कुल 57,01,072 रुपये का Arbitration अवॉर्ड 17 दिसंबर, 2024 को पारित किया गया और आगे भी मासिक चक्रवृद्धि ब्याज देने का आदेश दिया गया.
बीएसएनएल ने इस अवॉर्ड को अत्यधिक और त्रुटिपूर्ण बताते हुए मध्यस्थता (Arbitration) और सुलह अधिनियम, 1996 की धारा 34 के तहत बरेली की कमर्शियल कोर्ट में चुनौती दी. साथ ही, अवॉर्ड के क्रियान्वयन पर रोक लगाने के लिए धारा 36 के तहत एक अंतरिम प्रार्थना पत्र भी दाखिल किया. बीएसएनएल का तर्क था कि उसने भी अपने चार्टर्ड अकाउंटेंट से 10 जुलाई, 2025 को ब्याज की गणना कराई है, जिसके अनुसार कुल ब्याज मात्र 3,40,072 रुपये बनता है, न कि 55.39 लाख रुपये.
बरेली की कमर्शियल कोर्ट ने 30 जनवरी, 2026 को बीएसएनएल की याचिका को यह कहते हुए खारिज कर दिया कि एमएसएमईडी अधिनियम की धारा 19 के तहत अवॉर्ड को चुनौती देने के लिए कुल अवॉर्ड राशि का 75 प्रतिशत पूर्व-जमा (प्री-डिपॉजिट) करना अनिवार्य है, जिसका पालन बीएसएनएल द्वारा नहीं किया गया है. इस आदेश के खिलाफ बीएसएनएल ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में अनुच्छेद 227 के तहत मुख्य याचिका दायर की.

हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान बीएसएनएल के वरिष्ठ अधिवक्ता बी.के. सिंह रघुवंशी ने दलील दी कि जब मूलधन केवल 1.61 लाख रुपये है और दोनों पक्षों के सीए द्वारा की गई ब्याज की गणना में जमीन-आसमान का अंतर है, तो कमर्शियल कोर्ट को 75 प्रतिशत राशि जमा करने के लिए बाध्य करने से पहले वास्तविक ब्याज राशि का निर्धारण करना चाहिए था.
उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के ‘महानगर टेलीफोन निगम लिमिटेड (MTNL)’ मामले (6 फरवरी, 2026) और राजस्थान हाईकोर्ट के फैसलों का हवाला दिया, जिनमें बिना 75 प्रतिशत प्री-डिपॉजिट के धारा 34 की आपत्तियों पर सुनवाई करने का निर्देश दिया गया था.
इस बिंदु पर प्रतिवादी फर्म के अधिवक्ता वरुण देव शर्मा ने अपने मुवक्किल से प्राप्त निर्देशों के आधार पर अदालत को अवगत कराया कि वे इन नजीरों को देखते हुए एमएसएमईडी अधिनियम की धारा 19 के तहत 75 प्रतिशत प्री-डिपॉजिट की अपनी मांग को छोड़ रहे हैं. उन्होंने अनुरोध किया कि बरेली की कमर्शियल कोर्ट को समयबद्ध तरीके से बीएसएनएल की धारा 34 की आपत्तियों पर गुण-दोष के आधार पर निर्णय लेने का निर्देश दिया जाए.
जस्टिस विकास बुधवार ने प्रतिवादी के इस बयान को रिकॉर्ड पर लेते हुए 30 जनवरी, 2026 के बरेली कमर्शियल कोर्ट के आदेश को रद्द कर दिया. हाईकोर्ट ने बरेली कोर्ट को निर्देश दिया कि वह बीएसएनएल की याचिका को उसके मूल नंबर पर बहाल करे और अनावश्यक स्थगन दिए बिना दोनों पक्षों को सुनकर जल्द से जल्द कानून के अनुसार मामले का निस्तारण करे.
इस विवाद का दूसरा पहलू मेरठ की कमर्शियल कोर्ट से जुड़ा था. चूंकि बीएसएनएल ने बरेली कोर्ट में 75 प्रतिशत राशि जमा नहीं की थी, इसलिए ठेकेदार फर्म ने अवॉर्ड की वसूली के लिए मेरठ की कमर्शियल कोर्ट में निष्पादन वाद दायर कर दिया. इसमें जिला प्रबंधक बीएसएनएल बरेली के साथ-साथ मुख्य महाप्रबंधक, यूपी वेस्ट सर्किल, मेरठ को भी पक्षकार बनाया गया.
बीएसएनएल ने मेरठ कोर्ट में आपत्ति दाखिल कर कहा कि अनुबंध बरेली में हुआ था, काम बरेली में हुआ और अवॉर्ड आगरा काउंसिल ने दिया, इसलिए मेरठ कोर्ट को इस मामले की सुनवाई का कोई क्षेत्रीय अधिकार नहीं है. 13 अगस्त, 2026 को मेरठ की कमर्शियल कोर्ट ने बीएसएनएल की यह आपत्ति खारिज कर दी, जिसके खिलाफ बीएसएनएल ने हाईकोर्ट में दूसरी याचिका दायर की थी.
हाईकोर्ट ने इस मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट के चर्चित फैसले ‘सुंदरम फाइनेंस लिमिटेड बनाम अब्दुल समद’ (2018) और ‘चेरन प्रॉपर्टीज लिमिटेड’ का विस्तृत उल्लेख किया. अदालत ने स्पष्ट किया कि Arbitration अधिनियम की धारा 36 के तहत किसी अवॉर्ड के निष्पादन के लिए डिक्री ट्रांसफर कराने की आवश्यकता नहीं होती है और इसे देश के किसी भी उस न्यायालय में दायर किया जा सकता है, जहां देनदार की संपत्ति या बैंक खाते स्थित हों.
प्रतिवादी फर्म ने अपने आवेदन में स्पष्ट रूप से प्रमाण दिया था कि बरेली कार्यालय में टेलीफोन, मोबाइल और इंटरनेट बिलों से प्राप्त होने वाली दैनिक राजस्व राशि को प्रतिदिन मेरठ स्थित मुख्य महाप्रबंधक (यूपी वेस्ट सर्किल) के पंजाब नेशनल बैंक खाते में स्थानांतरित किया जाता है. हाईकोर्ट ने माना कि बीएसएनएल ने इस तथ्य का खंडन नहीं किया है. चूंकि बैंक खाते में जमा धनराशि देनदार की संपत्ति के दायरे में आती है, इसलिए मेरठ की कमर्शियल कोर्ट को इस अवॉर्ड के निष्पादन की सुनवाई करने का पूरा अधिकार है.
अंततः हाईकोर्ट ने मेरठ कमर्शियल कोर्ट के 13 अगस्त, 2026 के आदेश को पूरी तरह वैध ठहराते हुए बीएसएनएल की दूसरी याचिका को खारिज कर दिया. इस फैसले के बाद अब यह कानूनी लड़ाई दो मोर्चों पर चलेगी: एक तरफ बरेली की अदालत में ब्याज की वास्तविक गणना और अवॉर्ड की वैधता पर बहस होगी, तो दूसरी तरफ मेरठ की अदालत में निष्पादन की कार्यवाही अपने तार्किक अंजाम की ओर बढ़ेगी.