+91-9839333301

legalbulletin@legalbulletin.in

| Register

Gangster Act 1986 के तहत दर्ज मामले का आधार मूल मुकदमा ही कोर्ट द्वारा रद्द, तो गैंगस्टर एक्ट के तहत आपराधिक कार्यवाही जारी रखना कानूनी प्रक्रिया का  दुरुपयोग

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने UP Gangster Act (उत्तर प्रदेश गिरोहबंद और समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986) के दुरुपयोग और इसके कानूनी आधार को लेकर एक अत्यंत महत्वपूर्ण और दूरगामी प्रभाव वाला फैसला सुनाया है. जस्टिस तरुण सक्सेना की एकल पीठ ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी व्यक्ति के खिलाफ Gangster Act के तहत दर्ज मामले का आधार बनने वाला एकमात्र मूल (प्रेडिकेट) मुकदमा ही अदालत द्वारा रद्द कर दिया गया हो, तो उस व्यक्ति के खिलाफ Gangster Act के तहत आपराधिक कार्यवाही जारी रखना कानून और न्यायालय की प्रक्रिया का सरासर दुरुपयोग है.

Gangster Act 1986 के तहत दर्ज मामले का आधार मूल मुकदमा ही कोर्ट द्वारा रद्द, तो गैंगस्टर एक्ट के तहत आपराधिक कार्यवाही जारी रखना कानूनी प्रक्रिया का  दुरुपयोग

इस महत्वपूर्ण कानूनी सिद्धांत को स्थापित करते हुए हाईकोर्ट ने संभल जिले के निवासी फैसल के खिलाफ विशेष सत्र न्यायालय में लंबित Gangster Act के पूरे मुकदमे, चार्जशीट और समन आदेश को निरस्त कर दिया है. यह पूरा विवाद वर्ष 2019 में संभल जिले के संभल थाने में दर्ज एक आपराधिक मामले से जुड़ा है. याचिकाकर्ता फैसल के खिलाफ शुरुआत में सार्वजनिक जुआ अधिनियम, 1867 (पब्लिक गैंबलिंग एक्ट) की धारा 3 के तहत एक अकेला मुकदमा दर्ज किया गया था.

पुलिस प्रशासन ने इसी एकमात्र मामले को आधार बनाते हुए याचिकाकर्ता के खिलाफ ‘गैंग चार्ट’ तैयार किया और संभल थाने में मुकदमा अपराध संख्या 0157/2019 के तहत UP Gangster Act की धारा 3(1) में प्राथमिकी दर्ज कर ली.

जांच के बाद पुलिस ने 5 अक्टूबर 2019 को इस मामले में आरोप पत्र (चार्जशीट) दाखिल किया, जिस पर संज्ञान लेते हुए संभल स्थित विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) / अपर जिला न्यायाधीश की अदालत ने 23 दिसंबर 2019 को समन आदेश जारी किया. यह मामला विशेष सत्र परीक्षण संख्या 549/2019 (उत्तर प्रदेश राज्य बनाम नदीम व अन्य) के रूप में विचाराधीन था.

याचिकाकर्ता ने पहले अपने खिलाफ दर्ज मूल मुकदमे (जुआ अधिनियम के मामले) को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी. हाईकोर्ट ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 528 के तहत अपनी अंतर्निहित शक्तियों का प्रयोग करते हुए 4 फरवरी 2026 को पारित आदेश में उस मूल मुकदमे की पूरी कार्यवाही को रद्द कर दिया था. मूल मुकदमा समाप्त होने के बाद याचिकाकर्ता ने गैंगस्टर एक्ट की कार्यवाही को भी रद्द करने के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया.

जब नींव ही ढह गई हो, तो उस पर खड़ी इमारत (Gangster Act का मुकदमा) को कायम नहीं रखा जा सकता

सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता के अधिवक्ता वसीम अकरम ने दलील दी कि Gangster Act का पूरा ढांचा किसी ‘समाज विरोधी गतिविधि’ (एंटी-सोशल एक्टिविटी) की बुनियाद पर टिका होता है. चूंकि याचिकाकर्ता के खिलाफ केवल एक ही आधारभूत मुकदमा था और उसे भी हाईकोर्ट पहले ही रद्द कर चुका है, इसलिए अब याचिकाकर्ता के खिलाफ UP Gangster Act की धारा 2(बी)(i) या 2(बी)(vi) के तहत आने वाला कोई भी आपराधिक मामला लंबित नहीं है.

इसे भी पढ़ें… Compassionate Appointment का दावा इसलिए नहीं खारिज किया जा सकता है कि आवेदक अधिकतम आयु सीमा से अधिक उम्र का है

अधिवक्ता ने सुप्रीम कोर्ट के बहुचर्चित फैसले ‘फरहाना बनाम उत्तर प्रदेश राज्य’ (2024) का हवाला देते हुए कहा कि जब नींव ही ढह गई हो, तो उस पर खड़ी इमारत (Gangster Act का मुकदमा) को कायम नहीं रखा जा सकता.

राज्य सरकार की ओर से अपर शासकीय अधिवक्ता (एजीए) ने सुप्रीम कोर्ट के एक अन्य फैसले ‘श्रद्धा गुप्ता बनाम उत्तर प्रदेश राज्य’ (2022) का उल्लेख करते हुए तर्क दिया कि जिस समय Gangster Act के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी, उस समय याचिकाकर्ता के खिलाफ पब्लिक गैंबलिंग एक्ट के तहत मुकदमा चल रहा था, जो अधिनियम की धारा 2(बी)(vi) के तहत समाज विरोधी गतिविधि की श्रेणी में आता है. इसलिए बाद में मूल मुकदमा रद्द होने के आधार पर गैंगस्टर एक्ट की कार्यवाही को समाप्त नहीं किया जा सकता.

जस्टिस तरुण सक्सेना ने दोनों पक्षों की दलीलों और पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्यों का गहन अवलोकन किया. अदालत के समक्ष मुख्य कानूनी प्रश्न यह था कि क्या Gangster Act की धारा 2(बी)(vi) के अंतर्गत आने वाले मूल अपराध में दोषमुक्त होने या कार्यवाही रद्द होने के बावजूद गैंग चार्ट के आधार पर अभियोजन जारी रखा जा सकता है?

अपने फैसले में अदालत ने UP Gangster Act, 1986 की प्रस्तावना और धारा 2(बी) व 2(सी) के प्रावधानों की विस्तृत व्याख्या की. कोर्ट ने कहा कि इस अधिनियम का उद्देश्य गिरोहबंद अपराधियों और समाज विरोधी गतिविधियों के प्रसार को रोकना है.

इसे भी पढ़ें… प्रयागराज में Traffic Management, ‘अर्बन मार्केट’ और वेंडिंग जोन पर कोर्ट सख्त, हाईकोर्ट और सर्किट हाउस के आसपास से अर्बन मार्केट हटाने का निर्देश

अधिनियम की धारा 2(बी) के तहत उप-खंड (i) से लेकर (xxv) तक उन अपराधों की सूची दी गई है, जिन्हें ‘समाज विरोधी गतिविधियां’ माना जाता है. इनमें गंभीर हिंसा, मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध कब्जा, रंगदारी, मानव तस्करी, गौकशी, नकली नोट, अवैध हथियार और सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 3 के तहत दंडनीय अपराध आदि शामिल हैं.

कोर्ट ने स्पष्ट किया कि Gangster Act के तहत आरोप तय करने और अभियोजन को आगे बढ़ाने के लिए अभियोजन पक्ष को यह स्पष्ट रूप से स्थापित करना होता है कि आरोपी के खिलाफ धारा 2(बी) में परिभाषित किसी एक या अधिक समाज विरोधी गतिविधियों के लिए मुकदमा चल रहा है.

जस्टिस सक्सेना ने अपने निर्णय में कहा कि वर्तमान मामले में यह निर्विवाद तथ्य है कि याचिकाकर्ता के खिलाफ दर्ज एकमात्र आधारभूत मुकदमे (पब्लिक गैंबलिंग एक्ट की धारा 3) की कार्यवाही को यह न्यायालय पहले ही 4 फरवरी 2026 को बीएनएसएस की धारा 528 के तहत रद्द कर चुका है. इसके परिणामस्वरूप याचिकाकर्ता उस मूल अपराध से पूरी तरह दोषमुक्त हो चुका है.

इसे भी पढ़ें… यूपी टीईटी 2026: Controversial Questions पर सभी अभ्यर्थियों को मिलेंगे समान अंक, पास अभ्यर्थियों का रिजल्ट प्रभावित नहीं होगा

अदालत ने सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि जब मूल मुकदमा ही रद्द हो गया है, तो UP Gangster Act की धारा 3(1) के तहत याचिकाकर्ता के खिलाफ अभियोजन जारी रखने की मूल नींव (फाउंडेशन) ही समाप्त हो गई है. सुप्रीम कोर्ट द्वारा ‘फरहाना बनाम उत्तर प्रदेश राज्य’ के मामले में निर्धारित विधि सिद्धांतों का अनुसरण करते हुए हाईकोर्ट ने माना कि ऐसी स्थिति में याचिकाकर्ता के खिलाफ आपराधिक कार्यवाही को जारी रखना पूरी तरह से अनुचित है और यह न्यायालय की प्रक्रिया का दुरुपयोग है.

इन सभी तथ्यों और कानूनी पहलुओं पर विचार करते हुए इलाहाबाद हाईकोर्ट ने याचिकाकर्ता फैसल की ओर से दाखिल प्रार्थना पत्र (Application U/S 528 BNSS No. 2214 of 2026) को स्वीकार कर लिया. अदालत ने संभल के अपर जिला न्यायाधीश / विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) के समक्ष लंबित विशेष सत्र परीक्षण संख्या 549/2019 की संपूर्ण कार्यवाही, 5 अक्टूबर 2019 को दाखिल आरोप पत्र तथा 23 दिसंबर 2019 के संज्ञान एवं समन आदेश को याचिकाकर्ता फैसल के संदर्भ में निरस्त कर दिया है.

इसे भी पढ़ें… कोर्ट रूम में भीतर Court proceeding की वीडियो बनाना न्याय प्रशासन में हस्तक्षेप, वीडियो बना रहा युवक हिरासत में, 20 को हाई कोर्ट में पेश करने का आदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *