+91-9839333301

legalbulletin@legalbulletin.in

| Register

लखनऊ में जमीन और मुंबई में Sale Deed: उत्तर प्रदेश संशोधन अधिनियम, 1994 लागू होने के बाद संभव नहीं

इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच का ऐतिहासिक फैसला, भारतीय स्टेट बैंक की नीलामी प्रक्रिया और DRAT के आदेश रद्द

लखनऊ में जमीन और मुंबई में Sale Deed: उत्तर प्रदेश संशोधन अधिनियम, 1994 लागू होने के बाद संभव नहीं

अचल संपत्तियों के पंजीकरण (Sale deed) के अधिकार क्षेत्र और ऋण वसूली अधिकरण (DRT) के रिकवरी ऑफिसर की शक्तियों को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने एक बेहद महत्वपूर्ण और दूरगामी प्रभाव डालने वाला फैसला सुनाया है. जस्टिस इरशाद अली की एकल पीठ ने स्पष्ट किया है कि उत्तर प्रदेश संशोधन अधिनियम, 1994 लागू होने के बाद उत्तर प्रदेश में स्थित किसी भी अचल संपत्ति का बैनामा (Sale deed) मुंबई या किसी अन्य प्रेसीडेंसी शहर के सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में पंजीकृत नहीं किया जा सकता. यदि ऐसा कोई पंजीकरण (Sale deed) किया गया है, तो वह शुरुआत से ही शून्य और अवैध माना जाएगा.

इस महत्वपूर्ण टिप्पणी के साथ अदालत ने ‘के.जी. कंस्ट्रक्शंस’ (K.G. Constructions) नामक साझेदारी फर्म और उसके साझेदार की रिट याचिका (WRIT-C No. – 1002528 of 2012) को स्वीकार करते हुए भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के पक्ष में की गई नीलामी की पुष्टि और ऋण वसूली अपीलीय अधिकरण (DRAT) के आदेशों को रद्द कर दिया है. अदालत ने बैंक और अन्य प्रतिवादियों को निर्देश दिया है कि वे याचिकाकर्ताओं के लखनऊ स्थित भूखंडों के शांतिपूर्ण कब्जे में किसी भी प्रकार का हस्तक्षेप न करें.

यह पूरा विवाद लखनऊ के तहसील सदर स्थित ग्राम अनौरा के खसरा संख्या 248 (क्षेत्रफल 0.238 हेक्टेयर) और खसरा संख्या 230 व 231 (क्षेत्रफल 0.1404 हेक्टेयर) की कीमती जमीन से जुड़ा है. याचिकाकर्ता संख्या 1, के.जी. कंस्ट्रक्शंस ने खसरा संख्या 248 की जमीन 16 जुलाई 2010 को एक पंजीकृत बैनामे (Sale deed) के माध्यम से खरीदी थी.

इस जमीन के पूर्व स्वामित्व की कड़ी 1993 में इसके मूल मालिक स्व. दुलारे से शुरू होकर संगीता शुक्ला, कमलाक्षी सेवा संस्थान और प्रतिवादी संख्या 10 से होते हुए याचिकाकर्ता तक पहुंची थी. वहीं, याचिकाकर्ता संख्या 2 ने खसरा संख्या 230 और 231 की भूमि 24 फरवरी 2011 को पंजीकृत बैनामे (Sale deed) के जरिए खरीदी थी.

इसे भी पढ़ें… Compassionate Appointment का दावा इसलिए नहीं खारिज किया जा सकता है कि आवेदक अधिकतम आयु सीमा से अधिक उम्र का है

जमीन खरीदने के बाद याचिकाकर्ताओं ने राजस्व और निबंधन कार्यालय (सब-रजिस्ट्रार-II, लखनऊ) से वर्ष 2007 से 2011 तक का भारमुक्त प्रमाण पत्र (Non-Encumbrance Certificate) भी प्राप्त किया था, जिसमें संपत्ति पर किसी भी प्रकार के कर्ज या बंधक का कोई उल्लेख नहीं था. इसके पश्चात याचिकाकर्ताओं ने उक्त भूमि पर आवासीय अपार्टमेंट का निर्माण शुरू किया और परियोजना का एक बड़ा हिस्सा Sale deed के जरिए ग्राहकों को बेच भी दिया.

विवाद तब खड़ा हुआ जब भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने वर्ष 1998 में गोरखपुर शाखा से ‘मेसर्स त्रिकोन रबर इंडस्ट्रीज प्रा. लि.’ को दिए गए एक ऋण की वसूली के लिए इस जमीन की नीलामी की कार्यवाही शुरू की. बैंक का दावा था कि इस ऋण के लिए ‘मेसर्स त्रिकोन लीजर रिसॉर्ट्स लि.’ ने गारंटर के रूप में लखनऊ की इस जमीन को बंधक रखा था.

बैंक ने अपने दावे के समर्थन में 26 मार्च 1996 का एक कथित बैनामा (Sale deed) प्रस्तुत किया, जिसे मूल मालिक दुलारे के पावर ऑफ अटॉर्नी धारक विनय सिंह द्वारा ‘त्रिकोन लीजर रिसॉर्ट्स’ के पक्ष में निष्पादित दिखाया गया था और इसका पंजीकरण मुंबई के सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में कराया गया था.

इसे भी पढ़ें… प्रयागराज में Traffic Management, ‘अर्बन मार्केट’ और वेंडिंग जोन पर कोर्ट सख्त, हाईकोर्ट और सर्किट हाउस के आसपास से अर्बन मार्केट हटाने का निर्देश

जब संपत्ति के पूर्व मालिकों (कमलाक्षी सेवा संस्थान और बाबू लाल) को वर्ष 2003 में डीआरटी (DRT) इलाहाबाद द्वारा की जा रही नीलामी की जानकारी मिली, तो उन्होंने रिकवरी ऑफिसर के समक्ष आपत्ति दर्ज कराई. उन्होंने तर्क दिया कि मुंबई में पंजीकृत 1996 का बैनामा (Sale deed) पूरी तरह से फर्जी और अवैध है, क्योंकि उत्तर प्रदेश में पंजीकरण अधिनियम में हुए संशोधन के बाद मुंबई के सब-रजिस्ट्रार को यूपी की जमीन रजिस्टर करने का कोई अधिकार नहीं था.

दिलचस्प बात यह रही कि वर्ष 2003 की नीलामी में जिन खरीदारों ने बोली लगाई थी, उन्होंने भी रिकॉर्ड देखने के बाद 10 मई 2004 को एक प्रार्थना पत्र देकर नीलामी से हाथ खींच लिए और अपनी जमा राशि वापस मांग ली. उनका कहना था कि कर्जदार कंपनी के पास संपत्ति का कोई वैध मालिकाना हक ही नहीं है.

31 मई 2004 को डीआरटी के रिकवरी ऑफिसर ने सभी तथ्यों और कानूनों का परीक्षण करने के बाद पूर्व मालिकों की आपत्तियों को स्वीकार कर लिया. रिकवरी ऑफिसर ने माना कि मुंबई में हुआ पंजीकरण क्षेत्राधिकार से बाहर होने के कारण अमान्य है, इसलिए बैंक के पक्ष में कोई वैध बंधक नहीं बना. उन्होंने नीलामी को रद्द करते हुए संपत्ति को कुर्की से मुक्त कर दिया.

बैंक ने इस आदेश को चुनौती दी. 6 अगस्त 2007 को डीआरटी के पीठासीन अधिकारी ने और बाद में 26 अप्रैल 2011 को ऋण वसूली अपीलीय अधिकरण ने रिकवरी ऑफिसर के आदेश को पलट दिया. अपीलीय अधिकरण का मानना था कि रिकवरी ऑफिसर ने अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर डिक्री के पीछे जाने की कोशिश की और उन्हें संपत्ति के मालिकाना हक (Sale deed)  तय करने का अधिकार नहीं था.

इसके बाद, 10 अप्रैल 2012 को रिकवरी ऑफिसर ने चौंकाने वाला कदम उठाते हुए उन्हीं पुराने बोलीदाताओं को बुलाया जिन्होंने 2004 में अपने पैसे वापस ले लिए थे, और उनसे पुरानी कीमत जमा कराकर नीलामी की पुष्टि कर दी. इस आदेश के खिलाफ के.जी. कंस्ट्रक्शंस ने इलाहाबाद हाईकोर्ट की शरण ली.

जस्टिस इरशाद अली ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद Sale deed के चार प्रमुख कानूनी बिंदुओं पर अपना निर्णय दिया:

रिकवरी ऑफिसर का वैधानिक अधिकार: कोर्ट ने DRT और DRAT की इस व्याख्या को गलत ठहराया कि रिकवरी ऑफिसर को आपत्तियों की जांच करने का अधिकार नहीं है. कोर्ट ने कहा कि RDDBFI Act की धारा 29 और income tax की दूसरी अनुसूची के नियम 11 के तहत रिकवरी ऑफिसर का यह वैधानिक कर्तव्य है कि वह जांच करे कि कुर्क की जा रही संपत्ति वास्तव में कर्जदार के कब्जे और स्वामित्व में है या नहीं. संपत्ति किसी तीसरे की है, तो नियम 11(4) के तहत उसे कुर्की से मुक्त करना अनिवार्य है. यदि बैंक को इस पर आपत्ति थी, तो उसे सिविल केस दायर करना चाहिए था.

मुंबई में पंजीकृत बैनामे की अवैधता (U.P. Act No. 27 of 1994): बैंक की ओर से यह दलील दी गई थी कि केंद्रीय पंजीकरण अधिनियम की धारा 30(2) के तहत वर्ष 2001 तक मुंबई, कोलकाता और चेन्नई जैसे प्रेसीडेंसी शहरों के रजिस्ट्रार को देश के किसी भी हिस्से की संपत्ति का बैनामा (Sale deed) पंजीकृत करने का अधिकार था.

हाईकोर्ट ने इस तर्क को खारिज कर दिया. कोर्ट ने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने पंजीकरण (उत्तर प्रदेश संशोधन) अधिनियम, 1994 (U.P. Act No. 27 of 1994) पारित किया था, जिसे 16 सितंबर 1994 को राष्ट्रपति की मंजूरी मिली और यह 1 अक्टूबर 1994 से पूरे राज्य में लागू हो गया. इस संशोधन के जरिए उत्तर प्रदेश में स्थित संपत्तियों के लिए धारा 30(2) और धारा 67 को समाप्त कर दिया गया था.

संविधान के अनुच्छेद 254(2) के तहत, राष्ट्रपति की सहमति प्राप्त राज्य का कानून उस राज्य की सीमा के भीतर स्थित अचल संपत्तियों पर प्रभावी होगा. चूंकि विवादित भूमि लखनऊ (उ.प्र.) में स्थित थी, इसलिए 26 मार्च 1996 को मुंबई में पंजीकृत किया गया बैनामा (Sale deed) अधिकार क्षेत्र से बाहर होने के कारण शुरुआत से ही शून्य था. जब गारंटर कंपनी को कोई मालिकाना हक मिला ही नहीं, तो वह बैंक के पास वैध बंधक भी नहीं रख सकती थी.

इसे भी पढ़ें… यूपी टीईटी 2026: Controversial Questions पर सभी अभ्यर्थियों को मिलेंगे समान अंक, पास अभ्यर्थियों का रिजल्ट प्रभावित नहीं होगा

संपत्ति हस्तांतरण अधिनियम की धारा 53-A का लाभ नहीं: बैंक ने कब्जे के आधार पर संपत्ति हस्तांतरण अधिनियम की धारा 53-A के तहत सुरक्षा की मांग की थी. अदालत ने सुप्रीम कोर्ट के नजीरों का हवाला देते हुए कहा कि धारा 53-A केवल एक ‘ढाल’ (रक्षात्मक अधिकार) है, जिसका उपयोग वास्तविक हस्तांतरणकर्ता के खिलाफ कब्जा बचाने के लिए किया जा सकता है; इसे ‘तलवार’ की तरह इस्तेमाल कर वैध पंजीकृत मालिकों को बेदखल नहीं किया जा सकता.

रिकॉर्ड से यह भी साबित हुआ कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा 2007-08 में इस जमीन के कुछ हिस्से के अधिग्रहण का मुआवजा भी याचिकाकर्ताओं के पूर्व मालिकों को ही मिला था, न कि बैंक के कर्जदार को.

नीलामी की पुष्टि पूरी तरह अवैध और मिलीभगत का नतीजा: कोर्ट ने 10 अप्रैल 2012 के उस आदेश पर भी कड़ी नाराजगी जताई, जिसके तहत 2003 के नीलामी खरीदारों को आठ साल बाद बुलाकर नीलामी की पुष्टि की गई थी. कोर्ट ने कहा कि जब खरीदारों ने 2004 में स्वयं यह स्वीकार करते हुए अपनी रकम वापस ले ली थी कि कर्जदार के पास बेचने (Sale deed) का कोई अधिकार नहीं है, तो 2003 की नीलामी प्रक्रिया वहीं समाप्त हो गई थी. 2012 में उसे पुनर्जीवित करना गैर-कानूनी, मिलीभगत से प्रेरित और सत्ता का दुरुपयोग था.

इसे भी पढ़ें… कोर्ट रूम में भीतर Court proceeding की वीडियो बनाना न्याय प्रशासन में हस्तक्षेप, वीडियो बना रहा युवक हिरासत में, 20 को हाई कोर्ट में पेश करने का आदेश

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने याचिका को स्वीकार करते हुए डीआरएटी के 26 अप्रैल 2011 के आदेश, डीआरटी के 6 अगस्त 2007 के आदेश और रिकवरी ऑफिसर द्वारा 10 अप्रैल 2012 को की गई नीलामी की पुष्टि को पूरी तरह रद्द कर दिया. अदालत ने 31 मई 2004 के उस मूल आदेश को बहाल कर दिया, जिसमें जमीन को कुर्की से मुक्त किया गया था.

कोर्ट ने बैंक और अन्य प्रतिवादियों को सख्त हिदायत दी कि वे याचिकाकर्ताओं के कब्जे में कोई बाधा न डालें. हालांकि, अदालत ने यह स्पष्ट किया कि भारतीय स्टेट बैंक कानून के अनुसार कर्जदारों और गारंटरों की व्यक्तिगत संपत्तियों तथा अन्य वैध परिसंपत्तियों से अपने ऋण की वसूली करने के लिए स्वतंत्र है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *